अब तक 1 लाख 47 हजार मौतें: ब्रिटेन की राजकुमारी बीट्रिस ने शाही शादी टाली, लॉकडाउन पर विवाद के बाद ब्राजील के राष्ट्रपति ने स्वास्थ्य मंत्री को हटाया

दुनियाभर में कोरोना संक्रमण से अब तक 1 लाख 47 हजार 10 मौतें हो चुकी हैं। पांच लाख 53 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ्य भी हुए हैं। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका है, जहां 6 लाख 78 हजार 210 पॉजिटिव केस मिले हैं और 34 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई हैं। ब्रिटेन की राजकुमारी और महारानी एलिजाबेथ की पोती बीट्रिस ने कोरोना को देखते हुए अपनी शाही शादी टाल दी है। बीट्रिस अपने मंगेतर इडोएआर्डो के साथ शादी करने वाली थीं। इससे पहले मार्च में उन्होंने बकिंघम पैलेस में होने वाली रिसेप्शन भी कैंसल कर दी थी। स्थानीय मीडिया ने बीट्रिस और उनके मंगेतर के प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि कपल का शादी का स्थान बदलने का कोई इरादा नहीं है। दोनों फिलहाल शादी के बारे में सोच तक नहीं रहे। हालांकि,बकिंघम पैलेस ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी है। बीट्रिस योर्क के ड्यूक प्रिंस एंड्रयू की बड़ी बेटी हैं।


लॉकडाउन पर विवाद के बाद ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्री हटाए गए


ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने लॉकडाउन को लेकर विवाद बढ़ने के बाद स्वाथ्य मंत्री लुइज हेनरिक मैन्डेटा को हटा दिया। बोल्सोनारो देश में संक्रमण रोकने के लिए पाबंदियां लागू करने के पक्ष में नहीं थे।मैन्डेटा को स्वास्थ्य मंत्री के पद से हटाने के बाद उन्होंने कहा कि मैन्डेट ने समय को देखते हुए एक डॉक्टर की तरह जो भी करना था, किया। आइसोलेशन एक हकीकत बन गया, लेकिन हम ऐसे निर्णय नहीं ले सकते, जिससे काम पूरी तरह तबाह हो जाए। इससे पहले बोल्सोनारो ने कोरोना को एक मामूली फ्लू जैसी बीमारी बताया था। 



ब्राजील के मैनोस स्थित एक अस्पताल में गुरुवार को लोगों को समझाती एक स्वास्थ्यकर्मी।


न्यूयॉर्क में इमिग्रेंट लेबर्स के लिए 200 करोड़ के फंड का ऐलान


न्यूयॉर्क में संक्रमितों की संख्या 2 लाख 26 हजार 198 पहुंच गई है और 16 हजार 106 मौतें हुई हैं। इस बीच न्यूयॉर्क सिटी के मेयर बिल डी ब्लासियो ने प्रवासी मजदूर और उनके परिवार के लिए 20 मिलियन डॉलर (करीब 200 करोड़ रुपए) के फंड की घोषणा की । इससे 20 हजार से ज्यादा मजदूरों को फायदा होगा। इस फंड की घोषणा ओपन सोसाइटी फाउंडेशन के साथ मिलकर की गई है। न्यूयॉर्क में 15 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमने कोरोना पर काबू पा लिया है। संक्रमण की दर में गिरावट देखी जा रही है। इसके बावजूद हम ऐहतियात बरतेंगे। वायरस न फैले, इसके लिए कड़ाई से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। क्यूमो ने कहा कि अकेले न्यूयॉर्क में कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा और मिशिगन से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए गए हैं। हमने बीते एक महीने में करीब 5 लाख टेस्ट किए हैं।



न्यूयॉर्क सिटी की घुड़सवार पुलिस ने स्वास्थ्यकर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया।


अमेरिका ने भारत को 45 करोड़ रुपए स्वास्थ्य सहायता के तौर पर दी
अमेरिका ने भारत को स्वास्थ्य सहायता के तौर पर 5.9 मिलियन डॉलर (करीब 45 करोड़ रुपए) दी है। अमेरिकी विदेश विभाग ने गुरुवार को इसकी जानकारी। यह रकम प्रभावित लोगों की मदद, जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करने, लोगों को कोरोना से बचाव के संदेश देने और निगरानी बढ़ाने पर खर्च की जा सकेगी। अब तक अमेरिका ने भारत को 19,170 करोड़ (2.8 बिलियन डॉलर) की मदद की है, इसमें स्वास्थ्य सहायता के लिए 1.4 बिलियन डॉलर (9,585 करोड़ रुपए) दिए हैं। 


आयरलैंड: प्रधानमंत्री वराडकर ने कहा पाबंदियां हटाने में लगेंगे कई महीने


आयरलैंड के प्रधानमंत्री लियो वराडकर ने कहा है कि देश में कोरोना को लेकर लगाई गई पाबंदियां धीरे-धीरे हटाई जाएंगी। इसमें कई महीनों का समय लग सकता है। उन्होंने संसद में कहा कि सरकार अभी दावे के साथ नहीं कह सकती कि 5 मई को पाबंदियां हट जाएंगी। 27 मार्च को सरकार ने देश भर में लॉकडाउन की घोषणा की थी। यहां पर कोरोना का पहला मामला फरवरी में सामने आया था। अब तक आयरलैंड में 13 हजार 271 पॉजिटिव केस मिले हैं और 486 मौतें हुई हैं। 


अपडेट्स: 



  • अमेरिका में पिछले चार हफ्ते में 2 करोड़ से ज्यादा लोगों ने बेरोजगारी भत्ते के लिए अप्लाई किया है। सरकार ने यहां उद्योगों के बंद होने की वजह से बेरोजगार हुए लोगों को आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

  • दक्षिण कोरिया में शुक्रवार को 22 नए मामले सामने आए। इनमें से 11 मामलों का देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पर की जा रही स्क्रीनिंग के बाद पता चला। बाकी उत्तर ग्येंगसांग, सियोल और दूसरे राज्यों में मिले हैं। अब तक यहां 10 हजार 635 पॉजिटिव केस आए हैं और 230 की मौत हुई है। 

  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कुछ राज्यों से पाबंदियां हटाने का ऐलान किया। यह तीन चरणों में लागू किए जाएंगे।उन्होंने राज्यों के गर्वनरों के साथ बात करने के बाद यह घोषणा की। इसके लिए नई गाइडलाइन बनाई गई है। इसके मुताबिक, कम संक्रमण वाले इलाकों में पाबंदियों में धीरे-धीरे ढील दी जाएगी। जहां ज्यादा मरीज मिल रहे हैं, वहां पाबंदियां पहले की तरह लागू रहेंगी। हालांकि, ट्रम्प ने कहा है कि इस पर फैसला राज्यों के गवर्नर लेंगे।

  • जापान में पिछले 24 घंटे में 503 नए पॉजिटिव केस सामने आए और 12 लोगों की मौत हुई। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक यहां 9 हजार 879 संक्रमित मिले हैं। इनमें से 712 डायमंड प्रिंसेज क्रूज से मिले हैं। देश में 161 लोगों ने संक्रमण की वजह से दम तोड़ा है। 

  • अर्जेंटीना में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 7 से 122 हो गई। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार देर रात इसकी जानकारी दी। देश में पॉजिटिव केस की संख्या 2 हजार 669 है। यहां फिलहाल लॉकडाउन लागू नहीं है।

  • अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने पाकिस्तान को कोरोनावायरस महामारी से लड़ने के लिये 1.4 बिलियन डालर(करीब 1 हजार 71 करोड़ रुपए) की सहायता राशि देने की मंजूरी दी है। पाकिस्तान में स्वास्थ्य और राहत कार्य को मजबूती देने के लिए यह रकम दी जाएगी। 

  • जर्मनी में सरकार ने कोरोना को लेकर लगाई गई कुछ पाबंदियां हटा ली है। हालांकि यहां के स्वास्थ्य मंत्री जेन्स स्पान ने कहा है कि देश के हालात पहले जैसे नहीं रहेंगे। धीरे-धीरे देश में व्यापारिक गतिविधियों को मंजूरी दी जाएगी।

  • संयुक्त अरब अमीरात(यूएई) ने ओमान में एक कपड़ा बाजार को बंद कर दिया गया। यहां काफी संख्या में पर्यटक पहुंचते थे। अभी तक यहां पर 1 हजार 19 मामले सामने आए हैं और 5 मौतें हुईं हैं। वहीं दुबई में कर्फ्यु लगा दिया गया है।

  • मंगोलिया ने देश में लोगों को मास्क पहनने के लिए बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को अभियान शुरू किया। इसके साथ ही देश में सभी सरकारी और गैर सरकारी संगठनों में मास्क का इस्तेमाल जरूरी कर दिया गया है।  अब तक यहां 31 कोरोना मरीज मिले हैं, किसी की मौत नहीं हुई है। 


  • चीन के वुहान शहर में मृतकों और संक्रमितों का नया आंकड़ा जारी किया गया है। इसके मुताबिक अब यहां पॉजिटिव केस की संख्या 325 से बढ़कर 50 हजार 333 हो गई है। वहीं मौतों की संख्या भी 1,290 से बढ़कर 3,869 हो गई है। वुहान नगरपालिका मुख्यालय ने इसकी जानकारी दी। इसमें डेटा में गड़बड़ी होने के चार कारणों को भी बताया गया है।




चीन की अर्थव्यवस्था में कोरोना के बाद पहली बार गिरावट


शुक्रवार को चीन ने अर्थव्यवस्था के आंकड़े जारी किए। इसमें साल 2020 की पहली तिमाही में 6.8% प्रतिशत की गिरावट आई है। 1992 में आर्थिक आंकड़े जारी करने की शुरूआत करने के बाद से यह पहली बार है जब चीन में यह गिरावट देखी गई है। इसके साथ ही 1976 के बाद यह पहला मौका है,जब चीन को आर्थिक गिरावट का सामना करना पड़ा।



चीन के बीजिंग स्थित एक निर्माण स्थल पर काम के दौरान अपना मास्क ठीक करता एक मजदूर।


इजराइल: व्यापारिक गतिविधियां शुरू करने की योजना बनाई जा रही
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि देश में व्यापारिक गतिविधियों को दोबारा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इससे देश कीअर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में मदद मिलेगी। धीरे-धीरे पाबंदियां हटाई जाएंगी। देश के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इसके लिए सुझाव दिए हैं। इसमें देश के स्वास्थ्य, वित्तीय, अर्थव्यवस्था और रक्षा क्षेत्रों में संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। इसके लिए 48 घंटे के लिए पायलट परियोजना के तौर पर कुछ दुकानों को खोलने की इजाजत दी जाएगी। कुछ खेल आयोजनों को भी मंजूरी मिल सकती है। हालांकि स्कूल और किंडरगार्टन बंद रहेंगे। अभी तक इजराइल में 12 हजार 758 केस मिले हैं और 142 मौतें हुई हैं। यहां 2 हजार 818 लोग ठीक भी हुए हैं। इस बीच देश में कुछ लोगों ने नेतन्याहू का विरोध किया। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री कोरोना की आड़ में देश की लोकतांत्रिक स्थिति छुपा रहे हैं।



इजराइल में लोग प्रधानमंत्री नेतन्याहू के विरोध में मास्क पहनकर प्रदर्शन करते हुए। 


ब्रिटेन: लॉकडाउन की मियाद 3 हफ्ते और बढ़ी


ब्रिटेन में कोरोना पर काबू पाने के लिए सरकार ने लॉकडाउन की मियाद तीन हफ्ते और बढ़ा दी है। यहां 25 दिन पहले लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। इसमें से 21 दिन तो प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अस्पताल और आइसोलेशन में ही रहे। फिलहाल वे स्वस्थ हो रहे हैं। देश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख से ज्यादा हो गई है। यहां 3 लाख 27 हजार 608 लोगों के कोरोना टेस्ट हुए। इसमें से 1 लाख 3 हजार से ज्यादा पॉजिटिव पाए गए हैं। यूके के अस्पतालों में अब तक 13 हजार 729 लोगों ने इस वायरस की वजह से दम तोड़ा है। 


यूरोप में सबसे ज्यादा मौतें इटली में हुईं
यूरोप में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें इटली में ही हुई हैं। यहां अब तक 22 हजार से ज्यादा लोग दम तोड़ चुके हैं। वहीं, संक्रमितों की संख्या भी 1 लाख 68 हजार से ज्यादा है। यूरोप में सिर्फ स्पेन(182,816) ही इस मामले में उससे आगे है। फ्रांस में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 47 हजार से ज्यादा है जबकि मृतकों का आंकड़ा 17 हजार 167 है। 


कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश







































































देशकितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
अमेरिका6 लाख 78 हजार 21034 हजार 64157 हजार 844
स्पेन1 लाख 84 हजार 94819 हजार 31574 हजार 797
इटली 1 लाख 68 हजार 94122 हजार 17040 हजार 164
फ्रांस1 लाख 65 हजार 02717 हजार 92032 हजार 812
जर्मनी1 लाख 37 हजार 6984 हजार 05277 हजार 
ब्रिटेन1 लाख 3 हजार 09313 हजार 729उपलब्ध नहीं
चीन82 हजार 3673 हजार 34277 हजार 944
ईरान77 हजार 9954 हजार 86952 हजार 229
तुर्की 74 हजार 1931 हजार 6437 हजार 089
बेल्जियम34 हजार 8094 हजार 8577 हजार 562